वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार सिंह उर्फ गोपी सिंह का निधन, अधिवक्ताओं में शोक की लहर



कैमूर:-- जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के नियमित सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार सिंह उर्फ गोपी सिंह का सोमवार को उनके भभुआ स्थित आवास पर निधन हो गया। वे लगभग 56 वर्ष के थे और पिछले करीब दो वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी अरविंद कुमार सिंह वर्तमान में भभुआ नगर के वार्ड संख्या-5 स्थित पटेल चौक से दक्षिण भगवानपुर रोड स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। सोमवार को दिन में करीब 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका उपचार वाराणसी सहित विभिन्न शहरों में चल रहा था। जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व महासचिव मंटू पाण्डेय ने बताया कि अरविंद कुमार सिंह 26 जून 2000 को बिहार स्टेट बार काउंसिल, पटना के सदस्य बने थे। इसके बाद 10 जुलाई 2000 को वे जिला अधिवक्ता संघ भभुआ, कैमूर के सदस्य बने और नियमित रूप से सिविल कोर्ट भभुआ में वकालत करते रहे। उन्होंने बताया कि गोपी सिंह कमर, कुल्हे एवं रीढ़ की हड्डी संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। इसके साथ ही उन्हें शुगर और उच्च रक्तचाप की भी बीमारी थी। स्वास्थ्य लगातार खराब रहने के कारण वे पिछले दो वर्षों से न्यायालय नहीं आ पा रहे थे और घर पर रहकर उपचार करा रहे थे। उनके निधन पर जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अधिवक्ताओं ने उन्हें एक सरल, मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिवक्ता बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट