*पुरानी कोतवाली पर राष्ट्रीय सनातन सेना भारत ने मनाया विजय उत्सव, लगे जय श्रीराम के नारे
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- May 05, 2026
- 43 views
आजमगढ़।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बढ़ते जनाधार और निर्णायक बढ़त की खबर मिलते ही जनपद में उत्साह की लहर दौड़ गई। सोमवार को राष्ट्रीय सनातन सेना भारत के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शहर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में भव्य 'विजय उत्सव' मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शंखनाद और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरक कर अपनी खुशी जाहिर की।कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित संगठन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल की धरती मां दुर्गा और स्वामी विवेकानंद की पावन भूमि है। वहां की जनता ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को सिरे से नकार कर राष्ट्रवाद और विकास के पथ को चुना है। बंगाल में कमल का खिलना उन करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
विजय उत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र 'जय श्रीराम' और 'भारत माता की जय' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। वक्ताओं ने कहा कि आजमगढ़ से लेकर बंगाल तक राष्ट्रवाद की लहर चल रही है और यह जीत देश की अखंडता का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और जनता के बीच मिठाई वितरित की।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से भारत माता की आरती उतारी और देश की खुशहाली एवं अखंडता की कामना की। इस अवसर पर संगठन के मंडल प्रभारी, जिला अध्यक्ष समेत भारी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पुरानी कोतवाली पर कार्यकर्ताओं ने शंख बजाकर विजय का उद्घोष किया।मिठाई वितरण: राहगीरों और स्थानीय लोगों को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की गई।


रिपोर्टर