प्रधानमंत्री को धमकी देने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 11, 2026
- 327 views
CIA वेबसाइट पर आपत्तिजनक पोस्ट; विशेष टीम की कार्रवाई
संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
बक्सर :--- सिमरी थाना क्षेत्र में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 08 अप्रैल 2026 को सिमरी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि आशा पड़री निवासी अमल कुमार तिवारी ने संयुक्त राज्य अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA की वेबसाइट पर आपत्तिजनक पोस्ट कर प्रधानमंत्री को धमकी दी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप ने किया। टीम में अंचल निरीक्षक ब्रह्मपुर ओम प्रकाश कुमार, पु.नि. संजय कुमार सिंह उर्फ ‘सिंघम’, पु.अ.नि. सह थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी (सिमरी थाना), पु.अ.नि. श्रीकांत कुमार, पु.अ.नि. शभभ राज, पु.अ.नि. अनुपन कुमारी, पु.अ.नि. अमीषा कुमारी तथा साइबर थाना एवं सिमरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से अमल कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान एक लैपटॉप, दो मोबाइल, दो पेनड्राइव, नौ डेबिट कार्ड और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी के मोबाइल में कई VPN और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े एप्स मौजूद थे, जबकि लैपटॉप में टोर ब्राउजर इंस्टॉल पाया गया, जिसका उपयोग डार्क वेब एक्सेस के लिए किया जाता है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वह पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने के मामले में शामिल रह चुका है।
इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सतर्कता और संयुक्त प्रयास से इस गंभीर साइबर अपराध का सफल खुलासा हो सका।


रिपोर्टर