भिवंडी में श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव,अखंड रामायण व भंडारे का आयोजन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 03, 2026
- 166 views
7500 दीपों से जगमगाया बागेश्वर धाम हनुमान मंदिर प्रांगण,शहर के मंदिरों में लगा रहा भक्तों का तांता
भिवंडी। भिवंडी में संकट मोचक हनुमान जी का जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।इस दौरान शहर के करीब सभी हनुमान मंदिर में अखंड रामायण,हनुमान चालीसा पाठ के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।कई मंदिरों शोभा यात्रा व झाकियां निकली गई,जिसमें भक्तों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
भिवंडी के मानकोली इलाके में स्थित नवनिर्मित बागेश्वर धाम हनुमान मंदिर के व्यवस्थापक विनोद तिवारी ने बताया कि मंदिर व्यवस्थापक कमेटी व भक्तों द्वारा मंदिर के सम्मुख प्रांगण में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शाम को 7500 दीप प्रज्वलित किया गया था।जिससे पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा।इसके अलावा इसी दौरान मंदिर में यूपी के मेजा से आए पवन मिश्रा व उनकी टीम द्वारा भव्य भजनों की प्रस्तुति से भक्त भाव विभोर हो गए।साथ ही आयोजित महाभंडारे में तकरीबन 10 हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इससे पहले मंदिर में प्रदीप शुक्ला द्वारा 24 घंटे का अखंड रामायण कराया गया था।नवीबस्ती में विश्व हिंदू परिषद और श्री गोपाल गणेश दांडेकर प्रतिष्ठान के तत्वावधान में एक विशाल जुलूस निकाला गया। यह शोभायात्रा नवी बस्ती (शास्त्री नगर) स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर लकड़ा मार्केट स्थित मार्कंडेय महामुनी मंदिर तक पहुंची।जुलूस में शामिल हनुमान भक्तों ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर 'जय श्री राम' के गगनभेदी नारे लगाए। युवाओं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।इसी तरह शेलार गांव में हनुमान मंदिरों को फूलों व सुंदर लाइटिंग द्वारा सुन्दर तरीके से सजाया गया था।जहां पर 2 अप्रैल को रात मे 12 बजे से हनुमान जी की पालकी निकाली गयी,जो पुरी रात गाँव के प्रत्येक घर घर होती हुई 3 अप्रैल की सुबह हनुमान मंदिर पर पहुंची,जहां पर आरती करने के बाद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।इस दौरान वाडा रोड को शाम के दौरान कई घंटे तक बंद रखा गया था।जिसके कारण इस रोड पर जोरदार ट्रैफिक जाम हो गया।इसके साथ ही वसई रोड पर समाजसेवक विजय मिश्रा व दिनेश दुबे के प्रयत्न से हनुमान मंदिर पर अखंड रामायण के बाद भजन व हनुमान जी की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। यहां पर 10 हजार लोगों में भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।इसके साथ ही पद्मनगर सब्जी मार्केट में वेजिटेबल व्यापारी संघ द्वारा अखंड रामचरित मानस पाठ के साथ भंडारा का आयोजन किया गया। वराला देवी मंदिर पर पंचमुखी हनुमान जी सेवा समित द्वारा पूजा आरती के बाद भंडारा किया गया। श्रीरंग नगर में सुंदर कांड के बाद दोपहर में 12 से 3 बजे तक आयोजित भंडारे में तीन हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इसके साथ ही इसके अलावा शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे कणेरी, ठाणगे अली, चंदनबाग, कामतघर और नवी बस्ती (नेहरू नगर), बहत्तर गाला मे भक्तो की भीड़ लहि रहि। लक्ष्मी कम्पाउंड शेलार मे ओम साईं मित्र मंडल द्वारा भजन का आयोजन किया गया एवं विशाल भंडारे का सैंकड़ो लोगो ने लाभ उठाया।शहर में इस दौरान अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भिवंडी के पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मुस्तैदी के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


रिपोर्टर