जनरल बोर्ड में उठे मुद्दे पर भी नहीं हुई कार्रवाई, अवैध निर्माण पर मनपा की चुप्पी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 01, 2026
- 9 views
भिवंडी। भिवंडी-महानगरपालिका के जनरल बोर्ड में अवैध निर्माण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वरिष्ठ नगरसेवकों की आपत्ति के बावजूद अधिकारी निष्क्रिय बने हुए हैं।
गौरतलब हो कि पोगांव क्षेत्र में खाली पड़ी जमीन पर प्लॉटिंग कर अवैध रूप से गाला और दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे को भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक संतोष एम. शेट्टी ने हाल ही में हुई जनरल सभा में उठाया था। उस दौरान मनपा के उपायुक्त (अतिक्रमण) बिक्रम दराड़े ने तीन दिन के भीतर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का आश्वासन दिया था।हालांकि, आश्वासन के पांच दिन बाद भी मौके पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निर्माण कार्य अब भी जारी है, जिससे स्थानीय प्रशासन की नीयत और कार्यक्षमता दोनों पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पोगांव क्षेत्र प्रभाग समिति क्रमांक-1 के अंतर्गत आता है, जहां अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर तीन बीट निरीक्षक रमाकांत म्हात्रे, रवि जाधव और नितीन जामेकर की नियुक्ति की गई है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उपायुक्त बिक्रम दराड़े का कहना है कि कार्रवाई के निर्देश संबंधित सहायक आयुक्त को दिए जा चुके हैं और जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं, सूत्रों का दावा है कि यह अवैध निर्माण एक स्थानीय नेता के संरक्षण में हो रहा है, जिसके चलते कार्रवाई में देरी हो रही है। मनपा पहले से ही पिछले एक साल में तैयार हुए 291 अवैध निर्माणों के दबाव से जूझ रही है। ऐसे में नए मामलों में ढिलाई प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है।


रिपोर्टर