ब्यावरा विधानसभा में तीर्थ विकास को नई गति, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने 1 करोड़ 78 लाख रुपये के कार्यों का किया भूमिपूजन   

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलावर में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण


 राजगढ़ । ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के विकास को नई दिशा देते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने रविवार को 1 करोड़ 78 लाख 23 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर 3 सीसी सड़क, 2 सामुदायिक भवन सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला रखी गई, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने भगवान महाकाल के चरणों में नमन करते हुए कहा, “आज का यह पावन दिवस भगवान महाकाल की प्रेरणा से उनके तीर्थ स्थलों के विकास कार्यों को समर्पित है। इन निर्माण कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम मार्ग उपलब्ध होंगे तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संस्कृति संरक्षण और तीर्थ विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में देश-प्रदेश में विकास और विरासत संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने अपने संबोधन में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और तनाव के कारण आर्थिक अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। इसके बावजूद भारत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर अपनी साख को लगातार मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, वहीं भारत में संतुलित नीतियों के चलते आमजन को राहत देने का सफल प्रयास किया गया है, जो देश की मजबूत आर्थिक रणनीति का प्रमाण है।

इस दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलावर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित सरकारी इंजीनियर श्री सुनील मंडलोई की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा गया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, स्थानीय स्तर पर आधारभूत संरचना मजबूत होगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर जिन प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उनमें ग्राम पंचायत गिंदौरहाट स्थित घुरेल पहाड़ी पशुपतिनाथ मंदिर में सामुदायिक भवन निर्माण, पीएम रोड से कपिलेश्वर महादेव मंदिर तक सीसी रोड निर्माण, कपिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सीसी नाली निर्माण, ग्राम पंचायत मऊ में कबिट वाले मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण, ग्राम जेपला में देव नारायण मंदिर से सुठालिया रोड तक सीसी रोड निर्माण, ग्राम पंचायत मऊ में पीएम रोड से महादेव मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलावर में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब हेतु कक्ष निर्माण शामिल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट