यादव जी की लव स्टोरी’के विरोध में उतारा मुंबई का यादव संघ,प्रांत अधिकारी को दिया ज्ञापन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 26, 2026
- 125 views
समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप, फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग
भिवंडी। ‘यादव जी की लव स्टोरी’के विरोध में मुंबई का यादव संघ उतर गया है।भिवंडी के उपविभागीय अधिकारी को ज्ञापन देकर संघ ने समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
मुंबई यादव संघ के अध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने प्रांत अधिकारी अमित सानप को दिए ज्ञापन में कहा है कि उक्त फिल्म में यादव समाज की छवि को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज में घोर नाराजगी व्याप्त है।ज्ञापन में संघ ने कहा है कि फिल्म के प्रदर्शन से सामाजिक तनाव बढ़ने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका है। यादव संघ मुंबई ने प्रशासन को अवगत कराया कि यादव समाज शांतिप्रिय है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में विश्वास रखता है, लेकिन यदि समाज की भावनाओं की अनदेखी कर फिल्म का प्रदर्शन जारी रखा गया तो जनआक्रोश और असंतोष बढ़ सकता है।संघ के अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा है फिल्म निर्माता इन दिनों अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए जानबूझ कर विवादित फिल्मों का प्रदर्शन करते है ।इस फिल्म से पहले घूसखोर पंडित जैसे फिल्मों के कारण ब्राह्मण समाज आहत हो चुका है।इसलिए इस विवादित फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाया जाय।संगठन ने प्रशासन से सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।इस अवसर पर यादव संघ मुंबई के अध्यक्ष अजय यादव, सूरजपाल यादव, चंद्रभान यादव, पी. डी. यादव, मंगेश यादव, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. मुन्नालाल यादव, लल्लन यादव, राजेंद्र यादव, कन्हैया यादव, सुभाष यादव, चंद्रिका यादव, विजय प्रताप यादव, हरेंद्र यादव, संतलाल यादव तथा एडवोकेट सुशील यादव उपस्थित रहे।


रिपोर्टर