अज्ञात बाइक सवार ने युवक को मारी टक्कर, मौके से फरार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 12, 2026
- 59 views
नदी नाका के पास हादसा, घायल को बिना मदद छोड़ भागा आरोपी
भिवंडी। भिवंडी के निजामपुरा क्षेत्र में हिट एंड रन की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। नदी नाका इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी और घायल अवस्था में उसे सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चांद लियाकत शेख (35) 8 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे होटल में भोजन के लिए नदी नाका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यातायात पुलिस चौकी के पास सड़क के बाईं ओर पैदल चलते समय पीछे से तेज गति में आए अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर तथा शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल को सड़क किनारे से उठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन आरोप है कि बाइक सवार बिना कोई मदद किए मौके से फरार हो गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। निजामपुरा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बाइक सवार की पहचान करने की कोशिश कर रही है।


रिपोर्टर