भिवंडी में रंगायतन के अधूरे काम पर आयुक्त सख्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 10, 2026
- 72 views
ठेकेदार को 10 दिन की अंतिम चेतावनी
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रशासक तथा आयुक्त अनमोल सागर ने मंगलवार को स्वर्गीय मीनाताई ठाकरे रंगायतन में चल रहे निर्माण व मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काम की धीमी गति पर आयुक्त ने तीखी नाराजगी जताई और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के लिए 10 दिनों की अंतिम मोहलत दी।
आयुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम में अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं देने पर ठेकेदार का कार्यादेश रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शहर अभियंता को आदेश दिया कि वे प्रतिदिन दो बार निर्माण स्थल का दौरा कर कार्य की प्रगति का प्रत्यक्ष आकलन करें और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इस अवसर पर अतिरिक्त शहर अभियंता सचिन नाईक भी उपस्थित थे। महानगरपालिका आयुक्त ने संकेत दिया है कि शहर के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक केंद्र माने जाने वाले रंगायतन के कार्य में अब किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


रिपोर्टर