भिवंडी में सेंधमारी की तीन वारदातें, लाखों के मोबाइल व आभूषण चोरी

भिवंडी। शहर में चोरी और सेंधमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले दो दिनों में अज्ञात चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के मोबाइल फोन, आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना भोईवाडा पुलिस स्टेशन की सीमा में रोशनबाग परिसर स्थित आजीम कॉम्प्लेक्स में सामने आई।यहां के निवासी साजिद अली गुलाम रसूल खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात चोरों ने उनके घर क्रमांक 1060 का ताला तोड़कर प्रवेश किया और करीब 12,900 रुपये कीमत के 12 पीतल के नल, 5 स्टील नल और नकदी चोरी कर ली। दूसरी घटना शांतिनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के गुलजार नगर कचेरीपाडा स्थित यूनुस अपार्टमेंट में हुई। यहां के रहने वाली शाहजहान सलीम शेख ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने डुप्लीकेट चाबी से घर का दरवाजा खोलकर अलमारी से करीब 2 लाख 45 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण और एक कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

तीसरी और सबसे बड़ी वारदात कल्याण नाका, गोपाल नगर स्थित “सिटी जोन” नामक मोबाइल दुकान में हुई। दुकान मालिक प्रकाश झुमक लाल जैन के अनुसार 6 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत के सीमेंट शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 22 लाख 61 हजार 992 रुपये कीमत के विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए। भोईवाडा व शांतिनगर पुलिस ने उक्त मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार हो रही सेंधमारी की घटनाओं से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट