चोरी की तीन वारदातों से दहशत, कपड़े और दोपहिया वाहन उड़ाए
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 04, 2026
- 40 views
तीन अलग-अलग थानों में मामले दर्ज
भिवंडी। भिवंडी शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते दिनों शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की तीन वारदातें सामने आई हैं। एक मामले में गोदाम से कपड़े चोरी हुए तो कहीं होंडा कंपनी के दोपहिया वाहन चोरों ने निशाना बनाए। तीनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना भिवंडी शहर पुलिस थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता 45 वर्षीय मेहुल फुटरमल जैन ने पुलिस को बताया कि 24 और 25 जनवरी की दरमियानी रात उनके कपड़े के गोदाम में अज्ञात चोरों ने खिड़की के रास्ते प्रवेश किया। चोरों ने गोदाम में रखे करीब 36 हजार रुपये मूल्य के कपड़े चुरा लिए। घटना का पता सुबह चलने पर उन्होंने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
दूसरी वारदात भी भिवंडी शहर पुलिस थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता हरिशंकर रामबहादुर उपाध्याय ने बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी की रात उनके घर के नीचे पार्क की गई होंडा कंपनी की एक्टिवा स्कूटर को अज्ञात चोर चुरा ले गए। स्कूटर की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है। सुबह वाहन न मिलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
तीसरी चोरी की घटना निजामपुरा पुलिस थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता हसनैन असरार अहमद अंसारी ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी की सुबह करीब 9.30 से 10.30 बजे के बीच उनके अपार्टमेंट के नीचे पार्क की गई होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। बाइक की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है। घटना के बाद उन्होंने निजामपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। तीनों मामलों में समान बात यह है कि आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर लिए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।


रिपोर्टर