भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका चुनाव के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 09, 2026
- 67 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका 15 जनवरी 2026 को होने वाले महानगरपालिका सार्वत्रिक चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। महानगरपालिका आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी अनमोल सागर (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में मतदान और मतगणना की सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
प्रशासन की ओर से मतदान के लिए 820 कंट्रोल यूनिट और 1640 बैलेट यूनिट की जांच एवं सीलिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। शहर में कुल 750 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर छाया मंडप, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए डोली एवं व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मतदान केंद्रों वाली इमारतों में मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था की गई है तथा आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, प्रत्येक निर्वाचन निर्णय अधिकारी के कार्यालय में एंबुलेंस सहित एक मेडिकल टीम तैनात की गई है। मुस्लिम बहुल इलाकों में पर्दानशीन महिला मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 350 महिला कर्मचारियों की विशेष नियुक्ति की गई है।
आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर अतिरिक्त आयुक्त-1 एवं आचार संहिता पथक के नोडल अधिकारी विठ्ठल डाके के नेतृत्व में अब तक दो मामलों में कुल 12 लाख 65 हजार 900 रुपये नकद जब्त किए गए हैं और आचार संहिता उल्लंघन के 6 मामले दर्ज किए गए हैं। आचार संहिता पथक लगातार चुनाव प्रचार के दौरान उल्लंघन पर कड़ी नजर रखे हुए है।
मानव संसाधन प्रबंधन के तहत अतिरिक्त आयुक्त-2 श्रीमती नयना ससाणे और उप आयुक्त (निर्वाचन) विक्रम दराडे के मार्गदर्शन में कुल 4500 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही 100 क्षेत्रीय अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। कर्मचारियों को विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाने के बाद दूसरे प्रशिक्षण सत्र में उपस्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
मतदान केंद्रों पर तैनात 268 महिला कर्मचारी अन्य शहरों से आने वाली हैं, जिनके ठहरने की व्यवस्था महानगरपालिका द्वारा की गई है। इसके अलावा, शाला क्रमांक 22/62 में विशेष रूप से महिलाओं के लिए पिंक (गुलाबी) बूथ तथा दांडेकर शाला में एक मॉडल बूथ तैयार किया जाएगा। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और शहर के विकास में सहभागी बनें।

रिपोर्टर