सड़क विवाद ने लिया हिंसक रूप, परिवार पर जानलेवा हमला

तेज रफ्तार कार को लेकर झगड़ा, गला दबाने की कोशिश और कार में तोड़फोड़ छह लोगों पर केस

भिवंडी। शहर में मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तेज रफ्तार कार को लेकर हुए विवाद में एक परिवार पर जानलेवा हमला करने, धमकी देने और कार में तोड़फोड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। निजामपुरा पुलिस स्टेशन ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 दिसंबर  की शाम करीब 4:30 बजे मिल्लतनगर रोड, आगा रोड स्थित फिरदौस मंजिल के सामने, अलराजी हॉस्पिटल के पास हुई। शिकायतकर्ता अपनी कार (MH 04 MF 9057) से जा रहे थे, तभी आरोपी नासिर मंसूर नोमानी ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसके बाद नासिर ने शिकायतकर्ता और उनकी पत्नी से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे आरोपियों ने शिकायतकर्ता की पत्नी को जबरन कार से बाहर खींचने का प्रयास किया, जबकि शिकायतकर्ता का गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। पुलिस शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने लकड़ी की मोटी लाठी से शिकायतकर्ता की कार के बोनट और शीशे तोड़ दिए। इसी दौरान आरोपी हुजैफा ने लाठी से हमला करते हुए कहा कि आज तुझे मार डालेंगे। मौके पर मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित परिवार को बचाया।निजामपुरा पुलिस ने आरोपियों नासिर मंसूर नोमानी, शिरीन नासिर नोमानी, जरीना नोमानी, याकूबा नोमानी, हुजैफा नोमानी और मंसूर नोमानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 74, 79, 351(1), 324, 281, 3(5) सहित मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि फिलहाल स्थिति शांत है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट