डीएम ने गुप्ताधाम महोत्सव को लेकर किया बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 06, 2026
- 45 views
रोहतास ।जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले गुप्ताधाम महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को चेनारी प्रखंड स्थित वन विभाग के अतिथि गृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गयी। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी रोहतास, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गुप्ताधाम महोत्सव 2026 के आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य रूप से संपन्न कराना रहा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष गुप्ताधाम महोत्सव का आयोजन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। साथ ही महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को राम दुलारी गंगा उच्च विद्यालय, चेनारी परिसर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
जिला पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन को लेकर पूर्व से ही ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
वन विभाग को गुप्ताधाम क्षेत्र एवं आसपास के वन क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को महोत्सव के दौरान चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। क्षेत्र में शराब को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यातायात सुचारू रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त बल की तैनाती की जाए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की गई, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी दिनों में संबंधित विभागों के साथ पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।


रिपोर्टर