सहयोग शिविर का आयोजन सभी प्रखंडों में हुआ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 16, 2026
- 2 views
रोहतास ।जिले विभिन्न पंचायतों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” का आयोजन मंगलवार को किया गया। शिवसागर प्रखंड के नाद पंचायत सरकार भवन में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उप विकास आयुक्त भी शामिल हुए। शिविर के दौरान लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रमाण पत्र एवं शौचालय निर्माण की राशि का वितरण किया तथा कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान कराया।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभुकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया तथा लाभुकों को इसकी जानकारी दी गई।
डीपीआरओ आशीष रंजन ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 6,255 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5,489 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। इसके अलावा नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बताया कि आज शिवसागर प्रखंड के नाद पंचायत, नोखा के दक्षिणी बरांव, रोहतास के अकबरपुर, सासाराम के दरिगांव, दिनारा के भुई, अकोढ़ीगोला के तेतराढ़, बिक्रमगंज के जमोढ़ी, चेनारी के सदोखर, दावथ के सहिनाव, डेहरी के मथुरी, काराकाट के अमौना, करगहर के सेनुआर, कोचस के रेडिया, नासरीगंज के अमियावर, नौहट्टा के तिलोखर, संझौली के उदयपुर एवं तिलौथू के रामडीहरा में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इन सभी शिविरों में वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर में अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं की पहुंच भी अधिक प्रभावी हो रही है।


रिपोर्टर