विधायक 5 जनवरी तक अवकाश पर,उसके बाद लेंगे निर्णय---अजय यादव

भिवंडी। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अजय यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी विधायक रईस शेख ने 5 जनवरी तक अवकाश लिया है और उसके बाद ही वे अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई निर्णय लेंगे। अजय यादव ने कहा कि रईस शेख अधिकृत रूप से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं और यदि वे किसी अन्य पार्टी के लिए कार्य करना चाहते हैं, तो उन्हें पहले सपा से इस्तीफा देना होगा। भिवंडी में आयोजित एक कार्यक्रम में अजय यादव ने भिवंडी मनपा शहर अध्यक्ष पद पर अनस अंसारी की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनस अंसारी ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूती दी है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के साथ गठबंधन की भी औपचारिक घोषणा की और पार्टी काॅ. विजय कांबले को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। अजय यादव ने बताया कि आगामी चुनावों में प्रभाग क्रमांक 15 से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, समाजवादी पार्टी के साथ संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेगी। इस प्रभाग में कम्युनिस्ट पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि शेष सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में होंगे। रईस शेख को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय यादव ने कहा कि रईस शेख ने स्वयं स्पष्ट किया है कि कोई भी उनकी फोटो कहीं भी लगा सकता है, इसकी कोई जवाबदेही नहीं है। हालांकि, अजय यादव ने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी में “डबल स्टैंडर्ड” नहीं चलेगा और अनुशासन सर्वोपरि है। निविरोध विजयी उम्मीदवारों के मुद्दे पर अजय यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल लोकतंत्र का हनन कर रहे हैं और समाजवादी पार्टी पर भी दबाव बनाया गया था। उन्होंने जानकारी दी कि सपा से कुल 59 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 61 उम्मीदवारों को बी-फॉर्म वितरित किए गए थे। इस मौके पर भिवंडी शहर अध्यक्ष अनस अंसारी ने कहा कि वे पूरी निष्ठा से पार्टी का कार्य करेंगे और आगामी चुनावों में सबसे अधिक उम्मीदवार समाजवादी पार्टी से विजयी होंगे। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता काॅ. विजय कांबले ने कहा कि पार्टी संयुक्त युति के तहत समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों की विचारधारा एक जैसी है और वे मिलकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। कार्यक्रम में अजय लाला यादव, अरफात शेख, रियाज आजमी, अनस अंसारी, सलाम नोमानी, मकादू और असलम फैजाबादी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट