अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

नाशिक रोड पर हादसा, पुलिस ने मामला दर्ज किया

भिवंडी। भिवंडी के कोनगांव पुलिस थाना क्षेत्र में नाशिक रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। यह हादसा 31 दिसंबर की रात करीब 8 बजकर 40 मिनट पर सरवली इलाके में जेबी बिजनेस पार्क के सामने, नाशिक की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में शिकायतकर्ता स्वराज गणेश तरे (25), निवासी भादवड गांव, भिवंडी हैं। उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई करण सुरेश तरे (22) मोटरसाइकिल से राजनोली की ओर जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए करण की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करण तरे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर तथा चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी चालक ने घायल युवक को किसी भी प्रकार की चिकित्सा सहायता दिए बिना वाहन समेत मौके से फरार हो गया,स्थानीय लोगों की मदद से करण को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोनगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(2) और 281 के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134(अ)(ब) एवं 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट