भिवंडी में दो अलग-अलग जगहों से नाबालिग बच्चियों का अपहरण.
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 01, 2026
- 106 views
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने तलाश तेज की
भिवंडी। भिवंडी शहर और आसपास के इलाकों में नाबालिग बच्चियों के अपहरण की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आने से सनसनी फैल गई है। दोनों ही मामलों में बच्चियों के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी गई शिकायत में परिजनों ने बताया कि 30 दिसंबर की दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट पर उनकी 15 वर्ष 1 माह की नाबालिग बेटी लक्ष्मी घर से अचानक लापता हो गई,परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। शिकायत के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग की अल्पवय स्थिति का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है।
दूसरी घटना भिवंडी शहर पुलिस थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 31 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी बिना किसी को बताए घर से निकल गई। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों को संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज किया है। पुलिस टीमें बच्चियों की तलाश में जुटी हुई हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


रिपोर्टर