भिवंडी बायपास पर तेज रफ्तार बाइक की ऑटो से टक्कर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 15, 2025
- 99 views
ड्यूटी पर जा रही महिला नर्स गंभीर रूप से घायल, अज्ञात बाइक सवार फरार
भिवंडी। भिवंडी बायपास के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक ऑटो रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें ऑटो में सवार एक महिला नर्स गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मामले में कोनगांव पुलिस स्टेशन में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता स्वाती विकास पाटिल पेशे से नर्स हैं और भिवंडी के टेमघरपाड़ा इलाके में रहती हैं। 12 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर से कोनगांव स्थित एक अस्पताल में ड्यूटी के लिए ऑटो रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान भिवंडी बायपास के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्वाती पाटिल सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उनके दाहिने हाथ की कलाई की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।कोनगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन चालक की पहचान की जा सके। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक संजय शिंदे कर रहे हैं।


रिपोर्टर