भिवंडी में मेट्रो-5 और सड़क चौड़ीकरण से प्रभावितों का मुद्दा विधानसभा अध्यक्ष तक पहुँचा

भिवंडी। शहर के कल्याण रोड व्यापारी व रहिवाशी संघर्ष समिति के शिष्ट मंडल ने बुधवार को सपा विधायक अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नारवेकर से मुलाकात कर भिवंडी–निजामपुर महानगरपालिका क्षेत्र में चल रहे मेट्रो-5 प्रकल्प और सड़क चौड़ीकरण कार्य से उत्पन्न गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान विधायक अबू आसिम आज़मी ने कहा कि इस प्रकल्प के चलते कई धार्मिक स्थल जैसे मंदिर, मस्जिद, दरगाह, कब्रिस्तान के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और रहिवासियों के घर प्रभावित हो रहे है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधिवत डेवेलपमेंट प्लान स्वीकृत हुए बिना ही महानगरपालिका द्वारा अवैध तोड़क कार्रवाई की गई, जिससे कई नागरिकों के ढांचे तोड़ दिए गए। उन्होंने यह भी बताया कि जिन नागरिकों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें अब तक कोई उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। आज़मी ने मांग की कि विकास कार्यों के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, आस्था और अधिकारों की पूरी तरह से रक्षा की जाए। इस पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नारवेकर ने संघर्ष समिति को आश्वासन दिया कि पूरे मामले पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी नागरिक की आस्था, संपत्ति या रोज़गार को नुकसान न पहुंचे। बैठक को सकारात्मक बताते हुए संघर्ष समिति ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। समिति के अध्यक्ष शादाब उस्मानी ने कहा, “विकास ज़रूरी है, मगर न्याय, संवेदनशीलता और संवाद के साथ।”

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट