भिवंडी में तीन अलग-अलग मामलों से सनसनी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 14, 2025
- 121 views
लड़की के जेवर लेकर फरार होने, चोरी और अपहरण की शिकायत दर्ज
भिवंडी। शहर के अलग-अलग क्षेत्र में एक दिन में तीन आपराधिक मामलों ने पुलिस और स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया है, नारपोली और भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में इन घटनाओं को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें एक लड़की का घर से जेवर लेकर फरार होना, एक बड़ी चोरी और एक लड़की के अपहरण का मामला शामिल है।
पहला मामला भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां कामतघर के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री अचानक घर से 1.35 लाख रुपये के जेवर लेकर गायब हो गई। पुलिस के अनुसार, लड़की सुबह घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश में जुट गई है।
दूसरा मामला नारपोली पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी का है। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर 18 लाख 94 हजार रुपये से अधिक मूल्य का माल चुरा लिया। घटना काल्हेर के जे.के. वेयर हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में घटित हुई। नारपोली पुलिस ने निलेश विष्णु कदम की शिकायत और उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
तीसरा मामला भी नारपोली पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ, जिसमें कशेली के रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि लड़की शाम सवा चार बजे घर से अकेली निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों को शंका है कि उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।तीनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर