भिवंडी नई बस्ती में फैली गंदगी पर शिवसेना का आक्रोश
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 12, 2025
- 186 views
पालिका को सौंपी शिकायत — सफाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
भिवंडी। भिवंडी के नई बस्ती क्षेत्र में बढ़ती गंदगी और अवैध कचरा डंपिंग को लेकर शिवसेना (कामगार सेना) भिवंडी शाखा ने नगर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी की ओर से अध्यक्ष असगर अज्जू खान ने भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के अयोग्य विभाग के सहायक आयुक्त को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिवसेना ने आरोप लगाया है कि नई बस्ती क्षेत्र के गौतम कम्पाउंड में स्थित महेबुबिया मस्जिद के आसपास नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही के कारण भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। इस वजह से इलाके में डंपिंग ग्राउंड जैसी स्थिति बन चुकी है, जिससे नागरिकों को दुर्गंध, मलेरिया, डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि महेबुबिया मस्जिद, श्मशान भूमि, चर्च और पांच विद्यालयों के नजदीक फैली गंदगी से धार्मिक और शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। आसपास के छात्रों और निवासियों को बदबू और अस्वच्छता के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शिवसेना ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल इस क्षेत्र की सफाई कराए और आगे से कोई भी व्यक्ति यहां कचरा न फेंके, इसके लिए कड़ी निगरानी की जाए। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 17 नवंबर 2025 तक सफाई नहीं की गई, तो “कचरा फेंको आंदोलन” शुरू किया जाएगा और किसी भी वाहन को इस क्षेत्र में कचरा डालने नहीं दिया जाएगा। शिवसेना ने इस शिकायत की प्रति भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन को भी भेजी है, ताकि स्थिति बिगड़ने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके। स्थानीय नागरिकों ने भी नाराज़गी जताते हुए कहा कि नगर निगम की उदासीनता के कारण क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। शिवसेना ने साफ शब्दों में चेतावनी दी — “अगर प्रशासन नहीं जागा, तो सड़क पर उतरकर आंदोलन निश्चित है।”


रिपोर्टर