भिवंडी में फ्लैट बुकिंग घोटाला, बिल्डर पर धोखाधड़ी का आरोप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 02, 2025
- 170 views
भिवंडी । भिवंडी के भोईवाडा पुलिस स्टेशन में एक नए फ्लैट बुकिंग घोटाले का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। शिकायत अजीज रहमान कबीर अहमद खान द्वारा दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बिल्डर शाहिद इरफान अहमद शेख तथा हसन नियाज शेख इन दोनों ने फ्लैट बुकिंग के नाम पर ठगी की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 जून 2022 से अब तक अजीज रहमान खान ने अल्फा व फलक कॉम्प्लेक्स, भंडारी नारपोली, स्थित फ्लैट नंबर 102,103 बुक कराया था। आरोप है कि पूरे पैसे लेने के बावजूद आरोपी बिल्डरों ने फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई और न ही कब्जा सौंपा। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। अंततः 30 अक्टूबर 2025 को उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भोईवाडा पुलिस के अनुसार, जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपनिरीक्षक विनोद शेडकर को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपियों से संबंधित सभी दस्तावेज़ और बैंक लेनदेन की जानकारी जुटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या अन्य नागरिकों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी बिल्डर ने सोशल मीडिया पर “फ्लैट तुरंत उपलब्ध” जैसी झूठी जानकारी फैलाकर कई लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया और लाखों रुपये ठगे।भिवंडी में रियल एस्टेट सेक्टर में इस तरह के घोटालों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि खरीदारों को किसी भी प्रोजेक्ट में पैसा लगाने से पहले बिल्डर की साख और कानूनी दस्तावेजों की पूरी जांच कर लेनी चाहिए, ताकि ठगी से बचा जा सके।


रिपोर्टर