कैमूर में शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी पूरी, 11 नवंबर को डाले जाएंगे वोट
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 01, 2025
- 65 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- आगामी 11 नवंबर, 2025 को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कैमूर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिले की चार विधानसभा सीटों - रामगढ़, मोहनिया, भभुआ और चैनपुर - पर स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी सुनील कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री हरि मोहन शुक्ला ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि मतदान 11 नवंबर (मंगलवार) को होगा। रामगढ़, मोहनिया और भभुआ में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 14 नवंबर (शुक्रवार) को होगी। जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए कुल 48 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। रामगढ़ से 6, मोहनिया (अनुसूचित जाति) से 12, भभुआ से 8 और चैनपुर से 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।जिले में कुल 11,74,335 मतदाता हैं, जिनमें 6,21,024 पुरुष, 5,50,291 महिलाएं और 7 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इनके अलावा 3013 सेवा मतदाता भी हैं। मतदान के लिए कुल 1484 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 25 संवेदनशील और 357 क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान की गई है, जहां विशेष सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा, सभी 1484 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी ताकि मतदान प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जा सके। प्रशासन ने 2725 लाइसेंसी शस्त्रों में से 1354 को जमा करा लिया है और अवैध हथियारों की बरामदगी भी की है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका या शिक्षिका को वॉलंटियर के रूप में तैनात किया गया है। इसके साथ ही आदर्श, महिला-प्रबंधित (पिंक), दिव्यांग-प्रबंधित और युवा-प्रबंधित मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने इस चुनाव में 75% मतदान का लक्ष्य रखा है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए "हर घर दस्तक", "संध्या चौपाल" और "रंगोली" जैसे विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, खासकर उन इलाकों में जहां पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहा था। मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण 1 नवंबर से 5 नवंबर तक भभुआ के +2 हाई स्कूल में चल रहा है। EVM की कमीशनिंग 2 नवंबर से रामगढ़ और मोहनिया के लिए महाराणा प्रताप कॉलेज, मोहनिया में और भभुआ और चैनपुर के लिए सरदार बल्लभ पटेल कॉलेज, भभुआ में होगी। किसी भी प्रकार की चुनावी शिकायत या जानकारी के लिए, नागरिक टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


रिपोर्टर