भिवंडी मनपा में स्व.इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 31, 2025
- 86 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका की ओर से देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मनपा के नए प्रशासकीय भवन के भूतल पर संपन्न हुआ। राज्य सरकार और भिवंडी महानगर पालिका के प्रशासक तथा आयुक्त के निर्देशानुसार उप आयुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे और लेखा एवं वित्त अधिकारी रामप्रसाद सोलुंके के हस्ते दोनों नेताओं की प्रतिमाओं पर पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात आई.जी.एम. अस्पताल परिसर में स्थापित स्व.इंदिरा गांधी की अर्धप्रतिमा पर प्रभाग समिति क्रमांक 1 के सहायक आयुक्त मकसूम शेख और कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मण कोकणी ने पुष्पहार अर्पित कर उन्हें नमन किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हुए उप आयुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में शहर अभियंता जमील पटेल, कर मूल्यांकन अधिकारी सुधीर गुरव, आस्थापना विभाग प्रमुख दीपीका ठाकरे, शहर विकास अधिकारी समीर जवरे, वाहन व्यवस्थापक प्रशांत संख्ये, बारनिशी विभाग प्रमुख सुरेखा पावडे सहित मनपा के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


रिपोर्टर