इंडोर स्टेडियम में अनियमितताओं का आरोप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 30, 2025
- 233 views
मानवाधिकार संगठन ने की जांच की मांग
भिवंडी। इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के भिवंडी शहर अध्यक्ष मोमिन दिलशाद अहमद ने भिवंडी महानगरपालिका के आयुक्त को एक पत्र प्रेषित कर इंडोर स्टेडियम में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
संस्था द्वारा जारी पत्र के अनुसार, भिवंडी महानगरपालिका की प्रभाग समिति क्रमांक चार के अंतर्गत स्थित स्व. परशुराम टावरे स्टेडियम में बना इंडोर स्टेडियम लंबे समय से बंद है। संस्था का कहना है कि स्टेडियम बंद होने के बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बताया गया कि 29 अक्टूबर 2025 को रात्रि लगभग आठ बजे एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि स्टेडियम आधिकारिक रूप से बंद था।
मोमिन दिलशाद अहमद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की है कि प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए तथा कार्रवाई की जानकारी संस्था को प्रदान की जाए। संस्था का आरोप है कि इंडोर स्टेडियम के ताले तोड़कर या बिना अनुमति उपयोग करने की घटनाएं गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं। इस मामले में महानगरपालिका के अधिकारियों की निष्क्रियता पर भी प्रश्नचिह्न लगाया गया है।
पत्र के अंत में मोमिन दिलशाद अहमद ने यह चेतावनी दी है कि यदि इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो मानवाधिकार संस्था इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाएगी। इस संबंध में जब प्रभाग समिति क्रमांक चार के सहायक आयुक्त गिरीष घोष्टेकर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया की पालिका के आर्थिक उत्पन्न के उद्देश्य से स्टेडियम के बगल वाला ग्राउंड एक शादी समारोह हेतु भांडे पर दिया गया था। किन्तु बेमौसम हो रही बारिश के कारण कुछ लोग बरसात से बचने के लिए स्टेडियम का रूख किया। इस प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई है। जिसकी जांच की जा रही है।


रिपोर्टर