अब तक 113.15 लाख की हुई कुल बरामदगी


रोहतास।बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 के अंतर्गत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जाँच अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के नेतृत्व में सभी विधानसभा क्षेत्रों में गठित एसएसटी द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

इन दलों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जाँच,संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी एवं अवैध नकद, मदिरा, मादक पदार्थ, बहुमूल्य धातु और अन्य प्रलोभन-स्वरूप सामग्री की जब्ती की जा रही है। इन कार्रवाईयों का उद्देश्य किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दुरुपयोग या मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों को रोकना है। एक रिपोर्ट के अनुसार रोहतास जिले में कुल अब तक 113.15 लाख मूल्य की वस्तुएँ जब्त की गयी हैं। 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों — चेनारी, डेहरी, दिनारा, काराकाट, कारगहर, नोखा एवं सासाराम में एसएसटी दल द्वारा लगातार चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में जाँच अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी वाहन या व्यक्ति को अवैध सामग्री के साथ पाये जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूर्णतः सजग है और किसी भी कीमत पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का अवसर नहीं दिया जा सकता।

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गयी है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में निष्पक्ष भागीदारी निभायें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण -कक्ष या संबंधित थाना को दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट