शातिर चोर गिरोह गिरफ्तार, सेंधमारी और मोबाइल चोरी के 9 मामलों का पर्दाफाश

भिवंडी। भिवंडी क्राइम ब्रांच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शातिर चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर सेंधमारी और मोबाइल चोरी के नौ मामलों का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में भिवंडी परिसर में लगातार घरफोड़़ी और मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। अपराध शाखा घटक-2 ने गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुनैद अहमद मोहम्मद हनीफ शहा (20), मोहम्मद आकीब मकबूल खान (22), हमजा सुजुद अहमद सिद्दीकी (20), शाहरूख इमरान अंसारी (21) सभी निवासी गायत्रीनगर व शांतिनगर तथा शाकीर साजिद शेख (22) निवासी गौतम नगर, गोवंडी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह रात के समय सुनसान इलाकों में घरों को निशाना बनाता था। आरोपी दरवाजों के ताले तोड़कर घरों में घुसते और मोबाइल फोन, सोने-चांदी के गहने व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सोने के जेवर, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 3 लाख 12 हजार 423 रुपये बताई गई है। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी भिवंडी के नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के चार, शांतिनगर पुलिस स्टेशन के तीन और निजामपुरा व भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन के एक-एक मामले में शामिल हैं। सभी नौ मामले संबंधित पुलिस थानों में दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनवणे ने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (अपराध, ठाणे शहर) डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमर सिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शोध-01) शेखर बागडे के मार्गदर्शन में की गई। इस अभियान में सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीराम माली, मिथुन भोईर, रवींद्र पाटिल, रामचंद्र जाधव, प्रशांत राणे, निलेश बोरसे, सुदेश घाग, सुनिल सालुंके, सुधाकर चौधरी, साबीर शेख, रंगनाथ पाटिल, किशोर थोरात, राजेश गावडे, भावेश घरत और तडवी सहित पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट