दीवाली पर नारपोली पुलिस का तोहफा: 100 चोरी के मोबाइल लौटाए

15 लाख की संपत्ति मालिकों को सौंपी


भिवंडी। दीवाली के शुभ अवसर पर भिवंडी की नारपोली पुलिस ने नागरिकों को ऐसा तोहफा दिया, जिसने कई चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। नारपोली पुलिस स्टेशन ने चोरी और गुम हुए कुल 100 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। यह अनोखा उपक्रम पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, अपर पुलिस आयुक्त विनायक देशमुख, पुलिस उपायुक्त (भिवंडी) शशिकांत बोराटे, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कादबाने के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में पुलिस निरीक्षक आनंदा पाटिल, ज्ञानेश्वर कदम, सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश कावड और सिपाही विजय ताठे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, नारपोली पुलिस स्टेशन की टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और तकनीकी जांच की मदद से चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाया। लगातार प्रयासों और सूक्ष्म जांच के बाद यह सफलता हासिल की गई। दीवाली के शुभ मुहूर्त पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जब नागरिकों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, तो कई लोगों की आंखें खुशी से भर आईं। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि दीवाली पर अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना किसी उपहार से कम नहीं है।मौके पर बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारी और पत्रकार भी उपस्थित थे। पुलिस की इस पहल की हर ओर सराहना की जा रही है।नारपोली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो वे तुरंत सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करें। इससे न केवल पुलिस को जांच में मदद मिलती है, बल्कि चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने में भी सहूलियत होती है। भिवंडी पुलिस की यह पहल न सिर्फ तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी प्रतीक बन गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट