मोहम्मद अली ढाबा जमीन विवाद: वंचित आघाडी का पालिका मुख्यालय पर आंदोलन, अतिक्रमण हटाने की मांग

भिवंडी। धामणकर नाका स्थित चर्चित मोहम्मद अली ढाबा (एमडी ढाबा) की जमीन को लेकर उठा विवाद अब भिवंडी पालिका मुख्यालय तक पहुँच गया है। बुधवार को वंचित बहुजन आघाडी ने मुख्यालय के सामने एक दिवसीय धरना आंदोलन करते हुए इस ढाबे पर हुए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की।धरने में वंचित बहुजन आघाडी के सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रभाग समिति क्रमांक तीन के तत्कालीन सहायक आयुक्त जगदीश जाधव ने इस ढाबे को अतिक्रमण घोषित करते हुए इसे अवैध बांधकाम बताया था। इसके बावजूद एमआरटीपी अधिनियम के तहत कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़कों पर ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वालों के खिलाफ तो मनपा तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन बड़े अतिक्रमणकर्ताओं पर प्रशासन मौन क्यों है।वंचित आघाडी ने भिवंडी मनपा अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि कुछ अधिकारियों ने अवैध बांधकाम को संरक्षण दिया है। आघाडी ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और जो रिटायर हो चुके हैं, उनकी पेंशन रोकी जाए।उल्लेखनीय है कि हाल ही में 291 अवैध इमारतों का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब मोहम्मद अली ढाबा विवाद ने एक बार फिर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें अतिक्रमण विभाग के उपायुक्त विक्रम दराडे और प्रभारी सहायक आयुक्त सुरेन्द्र भोईर पर टिकी हैं — क्या वे इस अतिक्रमण को हटाकर कार्रवाई करेंगे या फिर मामला एक बार फिर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट