भिवंडी मनपा में फिर चली तबादला एक्सप्रेस

समिर जवरे बने शहर विकास विभाग प्रमुख -अरविंद घुगरे की छुट्टी


भिवंडी। भिवंडी मनपा प्रशासन ने एक बार फिर कर्मचारियों की तबादला सूची जारी करते हुए 13 अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है। इस नई सूची में सबसे प्रमुख नाम समिर जवरे, मिलिंद पलसुले और निहाला इरफान पटेल के है। जारी आदेश के अनुसार, मूल रूप से लिपिक पद पर कार्यरत समिर जवरे को शहर विकास विभाग का प्रभारी कार्यालय अधीक्षक एवं विभाग प्रमुख नियुक्त किया गया है। यह वही विभाग है जो अवैध बांधकाम, जर्जर इमारतों के निष्कासन और अवैध निर्माणों पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए जिम्मेदार है। हालांकि यह पद परंपरागत रूप से “बिल्डिंग कम इंस्पेक्टर” डिप्लोमा धारकों के लिए आरक्षित माना जाता है, किंतु इस बार फिर एक लिपिक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारों का कहना है कि जवरे को न तो इस विभाग का अनुभव है और न ही उन्होंने कभी किसी प्रभाग समितियों में सहायक आयुक्त या बीट निरीक्षक पद पर कार्य किया है। इस पद पर अब तक प्रभारी अधिकारी रहे अरविंद घुगरे को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल अतिक्रमण मुक्त पथक के प्रमुख के रूप में कार्यरत रहेंगे।

इसी प्रकार, मिलिंद पलसुले को क्रीडा विभाग के प्रभारी कार्यालय अधीक्षक एवं विभाग प्रमुख के आलावा उन्हें समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त अन्य अधिकारियों के तबादले इस प्रकार हैं—विनोद सकपाल को प्रभारी उपनिबंधक (जन्म-मृत्यु नोंदणी विभाग), सुनील चौहान को प्रभाग समिति क्रमांक 5 का प्रभारी कार्यालय अधीक्षक, निहाला इरफान पटेल को दूरध्वनी विभाग में प्रभारी कार्यालय अधीक्षक व विभाग प्रमुख, श्रीमती आम्रपाली सोरटे को जन्म-मृत्यु नोंदणी विभाग में लिपिक, विश्वास वाघे को स्थापना विभाग में लिपिक, श्रीमती अलका मटाले को दूरध्वनी विभाग लिपिक, प्रवीण गोडे को निवडणूक विभाग के लिपिक पद का अतिरिक्त चार्ज, अकबर शेख को प्रभाग समिति क्रमांक 1 में प्रभारी लिपिक, स्वप्निल गायकवाड़ को कर मूल्यांकन विभाग का प्रभारी सिपाही और अभिषेक घोष्टेकर को भविष्य निर्वाह निधि विभाग में सिपाही के रूप में नियुक्त किया गया है। इन सभी तबादलों को भिवंडी मनपा प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर के आदेश पर, उपायुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। दराडे ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट