अशोक नगर में जमीन खुदाई के लिए डायनामाइट का इस्तेमाल, आसपास की इमारतों में आईं दरारें

भिवंडी । भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका मुख्यालय के समीप अशोक नगर क्षेत्र में बिल्डिंग निर्माण कार्य कर रहे शक्ति बिल्डर एंड डेवलपर पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि बिल्डर ने इमारत निर्माण के लिए डायनामाइट ब्लास्ट कर पत्थर तोड़ने का कार्य किया,जिससे आसपास की कई इमारतों में दरारें आ गईं और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है,स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ब्लास्टिंग के दौरान इतनी तेज कंपन होती हैं कि इमारतों की दीवारों में दरारें और प्लास्टर टूटने लगे हैं। पिछले एक वर्ष से बिल्डर की ओर से बड़े पैमाने पर खुदाई और पत्थर निकालने का कार्य जारी है। इससे पहले भी भिवंडी पालिका प्रशासन ने सड़क पर गंदगी फैलाने के लिए बिल्डर पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। नागरिकों ने इस घटना की शिकायत ठाणे जिला अधिकारी, भिवंडी पालिका आयुक्त और नगर विकास विभाग को की है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के कर व प्रशासकीय अधिकारी जगदीश देवकर ने मनपा उपायुक्त बिक्रम दराडे को तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मनपा प्रशासन ने गंभीरता को देखते हुए अभियंताओं की एक विशेष टीम गठित कर दी है, जिसे निर्माण स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है।पालिका के सहायक आयुक्त माणिक जाधव ने भी पुष्टि की है कि पत्थर तोड़ने के लिए डायनामाइट ब्लास्ट का उपयोग किया गया था। वहीं, मनपा के आपत्ति व्यवस्थापन प्रमुख सार्किब खर्बे ने नगर रचना विकास विभाग से बांधकाम की मंजूरी से जुड़े कागजात मांगे है।अशोक नगर और आसपास की सोसाइटियों के रहिवासियों, जिनमें अभिषेक कोठारी सहित कई लोग शामिल हैं, ने मांग की है कि निर्माण कार्य तुरंत रोका जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सूत्रों के अनुसार, ब्लास्टिंग के लिए चार डायनामाइट लाए गए थे, जिनमें से दो का ही इस्तेमाल किया गया। अधिक कंपन होने के कारण आगे के ब्लास्ट रोक दिए गए। प्रशासन का कहना है कि जांच जारी है और यदि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना भिवंडी में निर्माण कार्यों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट