बी आर सी बरसठी में अध्यापकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 17, 2025
- 65 views
श्री अन्न (मिलेट्स) से दूर होंगी बीमारियां
बरसठी, जौनपुर । उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत कृषि विभाग द्वारा बीआरसी बरसठी पर शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सर्वेश कुमार पाल ने की। इस अवसर पर 50 शिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विषय वस्तु विशेषज्ञ नंदकिशोर ने कहा कि अनाज मुख्य रूप से तीन प्रकार के होते हैं। पॉजिटिव अनाज जिन्हें श्री अन्न या मोटे अनाज कहा जाता है, इनमें रागी, सावा और कोदो शामिल हैं। नेगेटिव अनाज में चावल और गेहूं आते हैं जबकि मक्का, ज्वार और बाजरा को न्यूट्रल अनाज की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी थाली में पॉजिटिव अनाजों को शामिल करना चाहिए क्योंकि इनके सेवन से कुपोषण, एनीमिया, हृदय रोग और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। श्री अन्न का ग्लाइसेमिक इंडेक्स अन्य अनाजों की तुलना में कम होता है, जिससे यह स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिक इंजीनियर वरुण ने बताया कि श्री अन्न को सुपर फूड के रूप में मान्यता प्राप्त हो रही है। इसे इडली, डोसा, दलिया और बिस्कुट के रूप में आसानी से प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के माध्यम से श्री अन्न का प्रचार-प्रसार कर रही है और यदि इसे मिड-डे मील (एमडीएम) में शामिल किया जाए तो बच्चों का स्वास्थ्य निश्चित रूप से बेहतर होगा। श्री अन्न बच्चों के साथ-साथ वयस्कों के लिए भी पोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का एक अच्छा माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा) सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर धर्मराज वर्मा (बीटीएम), सुनील गुप्ता (एटीएम), सुभाष पाल (बीज गोदाम प्रभारी) सहित कृषि विभाग के अन्य कार्मिक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।


रिपोर्टर