बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों पर केस दर्ज

भिवंडी। शांतिनगर पुलिस थाने की हद में बिजली चोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। टोरेंट पॉवर कंपनी की कार्रवाई में यह खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अवैध रूप से डायरेक्ट कनेक्शन लेकर भारी मात्रा में बिजली की चोरी की। इससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पहले मामले में टोरेंट पॉवर कंपनी के एक्जीक्यूटिव शंकर गणपति सावरतकर ने दर्ज कराई। आरोप है कि सज्जाद अहमद नासिर अंसारी और आलम नामक आरोपी ने बिना किसी वैध कनेक्शन के अवैध तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया। निरीक्षण में पता चला कि आरोपी लंबे समय से सीधे बिजली लाइन से कनेक्शन लेकर अपने परिसर में लाइट और उपकरण चला रहे थे। इस चोरी से लगभग 1,42,965 रूपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। दूसरे मामले में शिकायत योगेश दिलीप काले ( व्यवस्थापक) ने की। यहां आरोपी बद्रेआलम अंसारी और सद्दाम नामक व्यक्ति पर आरोप है कि उन्होंने टोरेंट पॉवर कंपनी के टॅपेट में अवैध कनेक्शन लिया। जांच में साबित हुआ कि उन्होंने टॅपेट से छेड़छाड़ कर सीधे तार जोड़कर बिजली की खपत की। इस मामले में कंपनी को लगभग 15 हजार रूपये का नुकसान हुआ है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने विज अधिनियम 2003 की धारा 138 और भा.न्या.सं. की धारा 324 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान 1984 के कलम 3 के तहत केस दर्ज किया है. भिवंडी इलाके में बिजली चोरी आम बात हो गई है। इससे न केवल विभाग को करोड़ों का नुकसान होता है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ऐसे अवैध कनेक्शनों पर और कड़ी कार्रवाई होगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट