भिवंडी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र, आयुक्त के सख्त तेवर से प्रशासनिक हलकों में खलबली
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 12, 2025
- 344 views
भिवंडी। भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगर पालिका क्षेत्र में अवैध इमारतों पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चला। आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) के सख्त निर्देशों के बाद महज एक दिन में पांच इमारतों को जमींदोज कर दिया गया। खास बात यह रही कि यह कार्रवाई बिना पुलिस बंदोबस्त के हुई। अब तक हर तोड़फोड़ पुलिस सुरक्षा में ही होती थी, लेकिन इस अचानक हुई कार्रवाई ने सहायक आयुक्तों और बीट निरीक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन साल में भिवंडी में 291 अवैध इमारतें खड़ी हो चुकी हैं। समाजसेवी परमेश्वर आंभोरे ने आरोप लगाया कि अगर 2022 से ही इस तरह सख्ती दिखाई जाती तो शहर में अवैध निर्माण की बाढ़ न आती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि फिलहाल केवल निर्माणाधीन या एक मंजिला ढांचों पर ही बुलडोज़र क्यों चल रहा है? जबकि कई पांच से सात मंजिला अवैध इमारतें पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं, उन पर कार्रवाई कब होगी? शुक्रवार को हुई कार्रवाई में पांच प्रभाग समितियों की टीमें सक्रिय दिखीं। प्रभाग एक में नागांव-2 शांतिनगर स्थित निर्माणाधीन आरसीसी इमारत, प्रभाग दो में अधूरी इमारत, प्रभाग तीन में कणेरी शास्त्रीनगर की संरचना, प्रभाग चार में दरगाह रोड पर निर्माणाधीन खंभे और प्रभाग पांच में ब्राम्हण अली क्षेत्र की पार्किंग में बन रहा मकान ध्वस्त किया गया।
पालिका प्रशासन की इस सख्ती से बिल्डरों में हड़कंप मच गया है। साफ है कि अब आयुक्त अवैध निर्माण को किसी भी हाल में बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं। सवाल यही है कि आने वाले दिनों में क्या पूरी तरह तैयार बहुमंजिला अवैध इमारतों पर भी यही बुलडोज़र चलेगा? यदि ऐसा हुआ तो भिवंडी के अवैध निर्माण माफिया की कमर टूटना तय है।


रिपोर्टर