पूर्व उपमहापौर की दहाड़, बिल्डरों में हड़कंप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 12, 2025
- 301 views
आरक्षित जमीन पर सिर्फ कबिस्तान बनेगा ---- पूर्व उपमहापौर
भिवंडी। भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगर पालिका के पूर्व उपमहापौर अहमद सिद्दीकी के सख्त रुख से बिल्डर लॉबी में खलबली मच गई है। नागांव क्षेत्र के सर्वे नंबर 43/37, 43/38 और 43/39 की जमीन नये डीपी प्लान में कबिस्तान के लिए आरक्षित किया गया है। लेकिन करीब 5400 वर्ग मीटर जमीन पालिका के कब्जे के बाहर है। सिद्दीकी ने स्पष्ट कहा कि इस आरक्षित जमीन पर केवल कबिस्तान ही बनेगा, किसी और उपयोग की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने पालिका आयुक्त से मांग की है कि प्रशासन इस जमीन को अपने कब्जे में लेकर जल्द से जल्द संबंधित जमीन मालिक को टीडीआर जारी करे। पूर्व उपमहापौर ने आरोप लगाया कि कुछ बिल्डर मोटी रकम रिश्वत देकर इस आरक्षण को रद्द करवाने की साज़िश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी राजनेता या बिल्डर ने ऐसा प्रयास किया, तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।सिद्दीकी ने साथ ही पालिका प्रशासन के एक कदम की सराहना भी की। ममता टाकी के पास बन रहे नये फायर स्टेशन को उन्होंने शहर की अहम जरूरत बताया। उनके मुताबिक मंडाई और कोमलपाडा, स्वं.इंदिरा गांधी उप जिला अस्पताल, चौहान कालोनी स्थित फायर स्टेशनो से दूरदराज के इलाकों तक समय पर दमकल गाड़ियां पहुंचने में दिक्कत आती है। नये फायर स्टेशन से मिल्लत नगर, चाविंदा और आसपास के ग्रामीण इलाकों को सीधा लाभ होगा। फायर स्टेशन परिसर में एक लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी बनाई जा रही है, जिससे आपदा या आग लगने की स्थिति में पानी की कमी नहीं होगी। पूर्व उपमहापौर ने कहा कि यह परियोजना निश्चित रूप से शहरवासियों की सुरक्षा को मजबूत बनाएगी। कबिस्तान आरक्षण और फायर स्टेशन दोनों मुद्दों पर सिद्दीकी का यह रुख फिलहाल शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।


रिपोर्टर