भिवंडी में भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का भव्य स्वागत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 04, 2025
- 271 views
“मोदी और योगी ने उत्तर प्रदेश को बनाया सर्वोत्तम प्रदेश” – विधायक रमेश मिश्रा
भिवंडी। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की बदलापुर विधानसभा से भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का भिवंडी आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। खोखा कंपाउंड स्थित कृष्णा कॉम्पलेक्स प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर भारतीय समाज ने उन्हें शाल व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। स्वागत की पहल अजय कुमार सीताराम यादव ने की। मंच पर भाजपा नेता विजय किशोर तिवारी, पी.डी.यादव,ओम प्रकाश मौर्या और रऊफ अंसारी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि वे हर वर्ष गणेश उत्सव के समय मुंबई आते हैं और यहां रह रहे अपने क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों से भेंट कर उनका हाल-चाल लेते हैं। उन्होंने जौनपुर के पूर्व विधायक लक्ष्मी शंकर को याद करते हुए कहा कि उनके कार्य आज भी गांव-गांव, गली-मोहल्ले में लोगों को प्रेरित करते हैं। मिश्रा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं। “आज यूपी कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार, सड़क और बिजली हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और महिलाएं व युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं,” उन्होंने कहा। मिश्रा ने श्रीराम मंदिर निर्माण और काशी तीर्थ के विकास को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन कार्यों पर देश ही नहीं, विदेशों में भी गर्व किया जा रहा है। कार्यक्रम में ब्रिजेश पांडेय, अभिनव शर्मा, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता विवेकानंद पांडेय ने किया।


रिपोर्टर