भिवंडी की मुस्कान की सिर काटकर हत्या, पति निकला हत्यारा

भिवंडी। भिवंडी शहर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ईदगाह रोड झोपड़पट्टी, स्लॉटर हाउस के पास खाड़ी से 30 अगस्त की सुबह एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ था। पुलिस के सामने हत्या की गुत्थी सुलझाना बड़ी चुनौती थी, क्योंकि न तो हत्या का स्थान पता था और न ही महिला का शेष शव मिला था।भोईवाडा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ उसी दिन मामला दर्ज कर सिर को शिनाख्त और शव विच्छेदन के लिए स्व. इंदिरा गांधी उप जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक रत्न पारखी और पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुंभार ने दो विशेष जांच दल गठित किए।इस बीच, नबी बस्ती निवासी एक महिला ने अपनी बेटी परवीन उर्फ मुस्कान मोहम्मद तहा अंसारी की गुमशुदगी दर्ज कराई। उसने बताया कि बेटी का फोन दो दिन से बंद है और दामाद भी कोई जवाब नहीं दे रहा। पुलिस ने जब खाड़ी में मिले महिला के सिर का फोटो दिखाया, तो मां ने उसे मुस्कान के रूप में पहचान लिया। पुलिस ने शक के आधार पर पति ताहा अंसारी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी पत्नी की सिर काटकर हत्या करने का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस अब हत्या की वजह और मुस्कान के बाकी शरीर की तलाश में जुटी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट