भिवंडी में ट्रक से लटकती मिली ट्रांसपोर्टर की लाश
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 22, 2025
- 340 views
हत्या या आत्महत्या ? रहस्य गहराया, पुलिस जांच में जुटी
भिवंडी। भिवंडी के रहनाल इलाके में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब कई दिनों से खड़े एक आयशर टेंपो (MH 04 LE 1271) से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। टेंपो के डाले में फंदे से लटका हुआ शव बरामद होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान चरनी पाड़ा निवासी ट्रांसपोर्टर नितीन लाडे के रूप में हुई है।
नारपोली पुलिस के अनुसार, नितीन पिछले कई दिनों से घर पर अकेला रह रहा था। करीब एक माह पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। तभी से वह तनाव में था। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने अवसाद में आकर अपने ही टेंपो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भरत कामत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएम अस्पताल भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ होगी। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोग आशंका जता रहे हैं कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हत्या भी हो सकती है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।


रिपोर्टर