भिवंडी में गड्ढों से बढ़ रही दुर्घटनाएं, ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर में सड़कों की खराब हालत और गड्ढों के कारण बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शेख जाहिद मुख्तार ने ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और भिवंडी के पुलिस उपायुक्त को लिखित पत्र देकर दोषी ठेकेदारों के सभी लंबित बिलों का भुगतान रोकने और उनके खिलाफ हत्या एवं हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। जाहिद मुख्तार का आरोप है कि मानसून से पहले और बाद में गड्ढों को भरने व सड़कों की मरम्मत के लिए नगर निगम ने कई निविदाएं जारी कीं, लेकिन संबंधित ठेकेदारों ने कार्य पूरा नहीं किया। इस वजह से शहर की कई सड़कों पर अब भी बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन हादसों में कई नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ की मौत भी हो चुकी है।उन्होंने एमएमआरडीए द्वारा बनाई गई सड़कों पर भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, इन सड़कों पर न तो ब्रेकर हैं, न ज़ेब्रा क्रॉसिंग, और न ही पर्याप्त लाइटें लगाई गई हैं। यदि इन कमियों के कारण किसी की जान जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103 और 109 के तहत मामला दर्ज होना चाहिए। जाहिद मुख्तार ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 1 सितंबर 2025 से भिवंडी मनपा मुख्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट