अनुपम द्विवेदी ने किया कमाल, इसरो की मंगलयान वॉलंटियर ट्रेनिंग के लिए हुआ चयन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 21, 2025
- 104 views
रोहतास। जिले के तिलौथू प्रखंड क्षेत्र एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है। यहां के पूर्व छात्र सरस्वती विद्या मंदिर तिलौथू के अनुपम द्विवेदी, जो वर्तमान में गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, दमण में बी.ई. (मैकेनिकल), पाँचवें सेमेस्टर के छात्र हैं, का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO), अहमदाबाद द्वारा चलाए जा रहे “देशव्यापी नई प्रतिभा खोज योजना” के तहत हुआ है।
इस योजना के अंतर्गत पूरे कॉलेज से मात्र 6 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिसमें अनुपम भी शामिल रहे। उन्होंने इसरो अहमदाबाद में आयोजित 15 दिवसीय वॉलंटियर ट्रेनिंग कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण कर इसरो से प्रमाण-पत्र प्राप्त किया है।
इसके साथ ही एक और बड़ी उपलब्धि में, अनुपम का चयन आगामी मंगल मिशन (मंगलयान) से जुड़ी स्वयंसेवी प्रशिक्षण प्रक्रिया (Voluntary Training) के लिए भी हुआ है।
अनुपम की इस सफलता से न केवल तिलौथू प्रखंड, बल्कि रोहतास जिला एवं उनका विद्यालय भी गौरवान्वित हुआ है। अनुपम के पिता कथावाचक राकेश कुमार उर्फ मुनमुन द्विवेदी ने अपने पुत्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है और इसे ईश्वर की कृपा व गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम बताया है।
क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों ने अनुपम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
"जहाँ चाह वहाँ राह" की कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं अनुपम द्विवेदी, जो आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।


रिपोर्टर