द्वितीय रोहतास जिला भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 संपन्न


रोहतास। स्थानीय सत्यम प्लेस सासाराम में खेल भावना और युवाओं के उत्साह को नई उड़ान देने वाला सेकंड रोहतास जिला भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस प्रतियोगिता में कैडेट, यूथ, जूनियर और सीनियर वर्ग के कुल 56 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शक्ति व संतुलन के संगम से भरी इस प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि डॉक्टर सचिन कुशवाहा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भारतीय जनता पार्टी, बिहार रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नशामुक्त स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सत्यानंद कुमार की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रोहतास जैसे जिलों से निकलने वाली प्रतिभाएं राज्य और देश का नाम रौशन करेंगी।

कार्यक्रम में भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष कुमार शशि रंजन, सचिन सुधाकर कुमार उर्फ रितेश मिश्रा, और कोषाध्यक्ष अमरजीत दुबे भी उपस्थित रहे, जिनके नेतृत्व और सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया गया।

विजेता खिलाड़ियों का जलवा दिखा।प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

54 किलोग्राम वर्ग: रोहित कुमार ने बेहतरीन लिफ्ट के साथ प्रथम स्थान हासिल किया।

71 किलोग्राम वर्ग: मिकी कुमार ने दमदार प्रयासों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

90 किलोग्राम वर्ग: आदित्य कुमार ने जबरदस्त प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बालिका वर्ग में भी दिखा जोश:

55 किग्रा वर्ग: शालू सिंह ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।

47 किग्रा वर्ग: अंजली कुमारी ने दमदार प्रदर्शन से गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

पायल कुमारी ने 55 किग्रा वर्ग में दूसरा स्थान, जबकि साक्षी कुमारी ने भी शानदार प्रयास करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्पष्ट हुआ कि रोहतास जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं में बढ़ती खेल भावना और प्रतियोगिताओं में भागीदारी जिले को खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट