एडमिशन के नाम पर ‘डोनेशन’ का खेल

भिवंडी के उर्दू स्कूल में ACB का छापा मुख्याध्यापिका समेत 3 गिरफ्तार


भिवंडी। स्कूल में प्रवेश दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भिवंडी के सलाउद्दीन अयुबी मैमोरियल उर्दू हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्याध्यापिका समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। भिवंडी कोर्ट ने सभी आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, भिवंडी निवासी अब्दुल अब्दुल हई अंसारी ने एसीबी ठाणे इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी के स्कूल एडमिशन के लिए डोनेशन के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद कथित तौर पर 4 हजार रुपये में मामला तय हुआ। एसीबी की जांच में स्कूल की मुख्याध्यापिका आतिया खान, कंप्यूटर शिक्षिका रिजवाना बानु अमजद खान और क्लर्क आस्मा मोहशफी शेख के नाम सामने आए। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। जैसे ही रिश्वत की रकम स्वीकार की गई, अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथ हिरासत में ले लिया।

एसीबी अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल में डोनेशन को लेकर पहले से अभिभावकों में नाराजगी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन शिक्षा के अधिकार (RTE) कानून और सरकारी नियमों की अनदेखी कर प्रवेश प्रक्रिया में अवैध वसूली कर रहा था। एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 7(अ) के तहत शांतिनगर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को भिवंडी न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो दिन की पुलिस हिरासत का आदेश दिया। अब एसीबी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या स्कूल में पहले भी एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से अवैध वसूली की जाती रही है और इस पूरे रैकेट में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। इस कार्रवाई के बाद शहर में शिक्षा संस्थानों में डोनेशन और रिश्वतखोरी को लेकर बहस तेज हो गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट