ऑपरेशन सिंदूर के हीरो मनोहर सिंह नहीं रहे, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 13, 2026
- 18 views
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देने वाले एनएसजी कमांडो एवं सीआइएसएफ डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह फोगाट का बुधवार को मुंबई के टाटा अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले करीब साढ़े पांच महीने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हरियाणा के भिवानी जिले के चरखी दादरी स्थित गांव मकड़ाना निवासी मनोहर सिंह फोगाट एनएसजी के गोल्ड मेडलिस्ट कमांडो थे। नवंबर 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वह उरी बॉर्डर पर तैनात थे। उनकी टीम ने पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए किए गए हमलों को नाकाम करते हुए हाइड्रो पावर प्लांट की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। साथ ही उन्होंने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 250 नागरिकों की जान बचाई थी।
बुधवार को गांव मकड़ाना में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पांच वर्षीय बेटे हृदय ने मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी एवं सुरक्षा बलों के जवान मौजूद रहे।
मनोहर सिंह फोगाट अपने पीछे पत्नी प्रियंका, 11 वर्षीय बेटी प्रिंस और पुत्र हृदय को छोड़ गए हैं। देश की सेवा में उनके साहस और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।


रिपोर्टर