स्कूली वाहन पलटने से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

बच्चों को स्कूल हेतु लेने जाने के क्रम में, चालक को नींद आने से वाहन अनियंत्रित हो पलटा, वाहन में मौजूद छात्र सुरक्षित 

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को लेने जा रही एक स्कूल वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना नसेज गांव के समीप हुई। गनीमत रही कि वाहन में उस समय केवल एक बच्चा मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जिला अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 अमिरथा गांव स्थित शांतिकुंज पब्लिक स्कूल में कार्यरत फोर्स गाड़ी क्रमांक-बी आर 45 पी 4285 प्रतिदिन की तरह बच्चों को लेने नसेज गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को नींद आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे खेत में पलट गई- घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

 वाहन पलटते ही लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तथा अंदर मौजूद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने स्कूल प्रशासन से वाहन चालकों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त अधिकांश बच्चों को अभी वाहन में बैठाना बाकी था। यदि गाड़ी बच्चों से भरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की फिटनेस एवं चालकों की सतर्कता की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट