भिवंडी में घरपट्टी टैक्स वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार आंदोलन

मनपा मुख्यालय के गेट पर लगाया ताला


भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका द्वारा घरपट्टी टैक्स में की गई अचानक वृद्धि के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने तीव्र आंदोलन करते हुए मनपा मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पालिका के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इस आंदोलन का नेतृत्व भिवंडी कांग्रेस शहर अध्यक्ष एडवोकेट रशीद ताहिर मोमिन ने किया। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता तारिक फारूकी, जावेद फारूकी, पूर्व नगरसेवक वसीम अंसारी, इरफान अंसारी, अरुण राऊत, मुन्ना भाई, सुफियान शेख, नोमान खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष एडवोकेट रशीद ताहिर मोमिन ने कहा,“पिछले एक महीने से हम पालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर टैक्स वृद्धि वापस लेने की मांग कर रहे थे। मगर आयुक्त कार्यालय द्वारा हमारी मांगों को नजरअंदाज किया गया। नागरिकों की आर्थिक हालत को अनदेखा करते हुए बिना किसी सार्वजनिक चर्चा के टैक्स में वृद्धि करना अन्यायपूर्ण है।”उन्होंने आगे कहा कि भिवंडी के नागरिक पहले से ही महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। ऐसे में घरपट्टी टैक्स में मनमाने ढंग से की गई बढ़ोत्तरी आमजन पर एक और बोझ बनकर टूटी है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनपा मुख्यालय के समक्ष बैठकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। विरोध स्वरूप मुख्य गेट पर ताला लगाकर यह संदेश दिया गया कि जब तक नागरिकों की आवाज नहीं सुनी जाएगी, तब तक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ाए गए टैक्स को तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आगे जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट