भिवंडी में तीन दिन चला कुर्बानी का सिलसिला

8067 कुर्बानियां, महापालिका को 17.89 लाख का राजस्व

भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर में बकरी ईद का पर्व 7 से 9 जून तक बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन ने व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर व्यापक तैयारी की थी, जिससे यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस वर्ष महापालिका को कुर्बानी के लिए कुल 56 स्थानों पर अनुमति के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें निर्धारित समयावधि में कुल 8067 जानवरों की कुर्बानी दी गई। इनसे महापालिका को 17,89,650/- का राजस्व शुल्क के रूप में प्राप्त हुआ।

कुर्बानी के बाद सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 200 टेम्पो, 14 जेसीबी, 11 जीप, 3 फराणा और 40 पानी के टैंकर तैनात किए गए थे। कुर्बानी से पहले सभी जानवरों की स्वास्थ्य जांच के लिए 60 पशु चिकित्सकों की नियुक्ति की गई थी।महापालिका प्रशासन ने प्रत्येक प्रभाग समिति में आवश्यक संसाधनों का वितरण पहले ही दिन कर दिया था, जिससे कुर्बानी के तुरंत बाद सफाई, जल छिड़काव और औषधि फवारणी का कार्य समय पर संपन्न हो सका। स्वास्थ्य विभाग ने कुशलतापूर्वक सभी कार्यों को समयसीमा में पूर्ण किया। इस सुव्यवस्थित आयोजन की स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और पूर्व नगरसेवकों ने खुले दिल से सराहना की। महापालिका के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर ने इस अवसर पर मार्केट, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, पशु चिकित्सा, वाहन प्रबंधन एवं पुलिस विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय की सराहना की। आयुक्त ने कहा कि सभी कर्मचारी संघों और शहरवासियों के सहयोग से बकरी ईद का पर्व आनंदपूर्वक और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट