दो नाबालिगों के अपहरण से सनसनी। नागरिकों में दहशत का माहौल

भिवंडी। शहर में बच्चों के अपहरण की बढ़ती घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता को और गहरा कर दिया है। बीते दो दिनों में दो अलग-अलग इलाकों से दो नाबालिग लड़कों के लापता होने की खबर ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना भोईवाडा पुलिस थाना क्षेत्र के धामणकर नाका स्थित माधव नगर इलाके की है। यहां रहने वाली तब्बसुम शेख मोहम्मद आलम शेख ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका 12 वर्षीय बेटा आरिश मोहम्मद आलम शेख दोपहर करीब एक बजे किराने की दुकान गया था, लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिजनों ने आसपास के रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, मगर आरिश का कोई सुराग नहीं मिल सका। भोईवाडा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक विनोद शेंडकर कर रहे है। दूसरी घटना शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र के खान कंपाउंड स्थित रशीद खान की चाल की है। यहां रहने वाला 15 वर्षीय अब्दुल रहीम अब्दुल हमीद अंसारी क्रिकेट खेलने के लिए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसके पिता अब्दुल हमीद अब्दुल रज्जाक अंसारी ने शांतिनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक ओमासे कर रहे हैं। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है। अभिभावकों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट