रात के सन्नाटे में लूटपाट: बाइक सवार बदमाशों ने छीने दो मोबाइल

डोंबिवली निवासी व्यक्ति से हुई लूट, पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच

भिवंडी।  भिवंडी तालुका के हाईवे दिवा क्षेत्र में रविवार रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक राह चलते व्यक्ति से दो मोबाइल फोन छीन लिए और फरार हो गए। यह वारदात रात करीब 9 बजे की है, जब पीड़ित गणपत उदय सिंह (43), जो डोंबिवली पश्चिम के निवासी हैं, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल के बंगले से लगभग 300 मीटर आगे जा रहे थे।पीड़ित के अनुसार, बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारते हुए उनकी शर्ट की जेब से दोनों मोबाइल फोन निकाल लिए और उन्हें धमकाते हुए तेजी से ठाणे की दिशा में फरार हो गए। लूट की इस घटना से इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया है। पीड़ित ने बताया कि बाइक चला रहा युवक दुबला-पतला था और उसने लाल रंग की फुल-स्लीव शर्ट पहन रखी थी। पीछे बैठा युवक मजबूत शरीर वाला था, जिसकी ऊंचाई करीब 5 फुट 7 इंच थी। उसने धारीदार टी-शर्ट और ग्रे रंग की पैंट पहनी थी तथा उसके बाल घुंघराले थे। पीड़ित इतनी तेजी से हुई वारदात में बाइक का नंबर देख नहीं पाए।लूटे गए दोनों मोबाइल की कीमत लगभग 5,500 रुपये बताई गई है। घटना की शिकायत मिलने पर नारपोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हवलदार संतोष पाटिल के नेतृत्व में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट