बंद रात्रि निवारा केंद्र बना नशेड़ियों का अड्डा,स्थानीय नागरिकों में दहशत

भिवंडी।  भिवंडी महानगरपालिका के प्रभाग समिति क्रमांक 4 अंतर्गत आज़मी नगर, टिपू सुल्तान चौक स्थित बंद पड़े रात्रि निवारा केंद्र में नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बन जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के भिवंडी शहर अध्यक्ष ने पालिका प्रशासन को ज्ञापन देकर कड़ा एतराज जताया है। पार्टी के भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष रहबर रशीद ने भिवंडी महानगरपालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। रशीद ने बताया कि दरगाह दीवान शाह के पीछे भाग में स्थित आज़मी नगर स्लम बस्ती के पास राज्य शासन के निर्देश पर रात्रि निवारा केंद्र का निर्माण किया गया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन महापौर प्रतिभा विलास पाटिल के हाथों हुआ था। ज्ञापन के अनुसार, इमारत की हालत अब जर्जर हो चुकी है, जिस कारण पालिका प्रशासन ने निवारा केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद यह इमारत अवैध कबाड़ माफियाओं और कचरा जमा करने वालों के कब्जे में चली गई। इमारत के दरवाजे और खिड़कियां तक उखाड़ कर बेच दी गईं। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि यह स्थल अब नशाखोरों, गांजा-सिगरेट पीने वालों और अश्लील हरकतों में लिप्त असामाजिक तत्वों का सुरक्षित अड्डा बन गया है। रात्रि के समय इन गतिविधियों की वजह से महिलाएं और बच्चे भय के साए में जीवन जीने को मजबूर है। रहबर रशीद ने मांग की है कि इस खंडहर इमारत को तुरंत ध्वस्त कर, उसी स्थान पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर या देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के नाम पर एक सार्वजनिक ग्रंथालय शुरू किया जाए, जिससे क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा मिल सके। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और निष्क्रियता के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों को साथ लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट